मध्य प्रदेश सरकार ने हवाई यात्राओं पर उड़ाए 57 लाख रुपये
कांग्रेस के विधायक रणवीर सिंह जाटव द्वारा विधानसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में मुख्यमंत्री की ओर से बताया गया है कि जुलाई 2009 से 31 अक्टूबर 2009 तक हवाई यात्राओं पर कुल 57 लाख 72 हजार रुपए से अधिक खर्च किए गए हैं।
इसमें बताया गया है कि मुख्यमंत्री ने कुल 42 दिन हवाई यात्राएं की जिनमें से 26 दिन हवाई जहाज और 16 दिन हेलीकॉप्टर का उपयोग किया गया। इन यात्राओं पर कुल 37 लाख रुपए से ज्यादा खर्च हुए हैं। इसके अलावा उद्योग मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने छह बार हवाई जहाज का इस्तेमाल किया।
अन्य मंत्रियों में स्थानीय शासन मंत्री बाबूलाल गौर, सहकारिता मंत्री गौरी शंकर बिसेन, स्वास्थ्य मंत्री अनूप मिश्रा, बिजली मंत्री राजेंद्र शुक्ल, स्थानीय प्रशासन राज्य मंत्री के. एल. अग्रवाल, पर्यटन मंत्री तुकोजी राव पवार ने भी सरकारी खर्च पर हवाई यात्राएं की हैं। नेता प्रतिपक्ष जमुना देवी ने भी सरकारी खर्च पर यात्रा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications