उल्फा ने पेट्रोलियम पदार्थो से भरी रेलगाड़ी उड़ाई (लीड-1)
गुवाहाटी, 17 नवंबर (आईएएनएस)। प्रतिबंधित संगठन यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असम (उल्फा) के आतंकवादियों ने असम में पेट्रोलियम पदार्थो से भरी एक मालगाड़ी को उड़ा दिया। इससे कम से कम 20 वैगन जल गईं और करीब 10 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि मालगाड़ी में 48 वैगन थीं और इनमें नुमालीगढ़ रिफाइनरी लिमिटेड (एनआरएल) से हाई स्पीड डीजल और पेट्रोल भरा गया था। मालगाड़ी में सोमवार देर रात गोलाघाट जिले के चांगपूल के समीप आग लगी।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने अपना नाम गुप्त रखने की शर्त पर बताया, "पहले लगा कि डिब्बे पटरी से उतरने के कारण आग लगी लेकिन अब हमें यकीन है कि शक्तिशाली विस्फोट के कारण ऐसा हुआ। विस्फोट में इस्तेमाल तार और अन्य पदार्थ घटनास्थल से बरामद हुए हैं।"
रेलगाड़ी में आग लगने के करीब 12 घंटे बाद मंगलवार सुबह 10 बजे उस पर काबू पाया जा सका। रेलगाड़ी एनआरएल से उत्तर प्रदेश जा रही थी।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि उन्होंने एक तेज धमाका सुना और रेलगाड़ी को आग की लपटों से घिरे पाया।
एक स्थानीय निवासी महमूद अली ने बताया कि बम विस्फोट जैसा एक तेज धमाका सुना गया और मालगाड़ी पटरी से उतर गई तथा उसमें आग लग गई।
एनआरएल के उप महाप्रबंधक ए.के. भट्टाचार्य ने आईएएनएस को बताया, "घटनास्थल से अब तक 24 वैगनों को अलग किया गया है। काफी अधिक नुकसान हुआ है।"
पुलिस और दमकल के कर्मचारी पूरी रात आग पर काबू पाने का प्रयास करते रहे। आग पांच किलोमीटर दूर से दिखाई दे रही है और 100 मीटर से ऊंची लपटें उठ रही हैं।
इस इलाके में उल्फा और जनजातीय आतंकवादियों दोनों का प्रभाव है। मुख्य रेलमार्ग पर हुए इस विस्फोट से रेल सेवाएं बाधित हो गईं।
पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य प्रवक्ता एस.हाजोंग ने बताया कि नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस सहित कई रेलगाड़ियां रोक दी गईं हैं। मरम्मत के बाद ही रेल सेवाएं बहाल हो पाएंगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications