टेंडबर्ग को खरीदने के लिए सिस्को का 3.41 अरब डॉलर का प्रस्ताव
सैन फ्रांसिस्को, 17 नवंबर (आईएएनएस)। नेटवर्किं ग कंपनी सिस्को सिस्टम्स ने नार्वे की वीडियो कम्युनिकेशन कंपनी टेंडबर्ग को खरीदने के लिए अपनी प्रस्तावित कीमत में सोमवार को 11 प्रतिशत की वृद्धि करते हुए उसे 3.41 अरब डॉलर कर दिया। इससे पहले के प्रस्ताव को टेंडबर्ग के शेयरधारकों ने अस्वीकार कर दिया था।
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार सिस्को ने कहा कि यह अंतिम प्रस्ताव है और एक दिसम्बर तक टेंडबर्ग के 90 प्रतिशत शेयरधारकों को इसे स्वीकार करने की आवश्यकता है। यदि ऐसा नहीं होगा तो प्रस्ताव वापस ले लिया जाएगा।
इससे पहले के प्रस्ताव को टेंडबर्ग के 40 प्रतिशत शेयरधारकों ने स्वीकार किया था। यदि सिस्को अपने प्रयास में सफल रही तो अमेरिका के बाहर किसी पब्लिक कंपनी की यह उसकी पहली खरीद होगी।
यह सौदा ऑनलाइन वीडियो कांफ्रेंसिंग टेक्नोलॉजी के क्षेत्र में सिस्को के दीर्घकालीन लक्ष्यों को दर्शाता है। सिस्को के मुख्य कार्यकारी अधिकारी जान चैंबर्स इसे 34 अरब डॉलर का बाजार बता चुके हैं जो बहुत तेजी से बढ़ रहा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications