पर्यटकों को बरबस भारत खींच लाएगा 'अतुल्य भारत'
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों की झांकी पेश करने वाला 'अतुल्य भारत' अभियान एक बार फिर अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार से नवाजा गया है। इससे मंदी के दौर में भी पर्यटकों का रुख भारत की ओर मोड़ने में मदद मिलने के आसार हैं।
पर्यटन मंत्री कुमारी शैलजा ने पिछले सप्ताह आस्ट्रिया के विएना में अंतर्राष्ट्रीय दर्शकों की तालियों की गड़गड़ाहट के बीच 21 वां ग्रां पी पुरस्कार ग्रहण किया। दर्शकों ने दो मिनट के इस टेलीविजन विज्ञापन को देखा।
शैलजा ने कहा, "इस अभियान ने वैश्विक स्तर पर भारतीय पर्यटन के प्रति बेहद उत्सुकता जगाई है और देश में पर्यटन के विकास में अहम भूमिका निभाई है। "
उन्होंने पुरस्कार ग्रहण करने के बाद आईएएनएस को बताया, "हम दुनिया को यह बताते-बताते कभी थक नहीं सकते कि भारतीय अपने मेहमानों को भगवान का दर्जा देते हैं। हालांकि जो यूरोपीय लोग भगवान का संदर्भ पसंद नहीं करते उनके लिए मैं कहना चाहूंगी कि हम भारतीय अपने अतिथि को बेहद आदर देते हैं।" भारतीय अभियान को यह पुरस्कार ऐसे समय में नवाजा गया है जब विश्व आर्थिक मंदी की मार झेल रहा है और भारत में गत वर्ष नवंबर में मुंबई में आतंकवादी हमला हुआ था।
यह बेहद प्रतिष्ठित अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कार है जो दृश्य-श्रव्य माध्यमों के जरिए वैश्विक पर्यटन को बढ़ावा देने वाले अभियान को दिया जाता है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications