तिब्बत मसले पर दलाई लामा से बात करे चीन : ओबामा
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार ओबामा ने संवाददाताओं बातचीत में कहा, "हम तिब्बत को चीन का हिस्सा मानते हैं लेकिन अमेरिका चीन सरकार और दलाई लामा के प्रतिनिधियों के बीच जल्द बातचीत शुरू किए जाने के हक में है ताकि दोनों पक्षों के बीच जो भी मतभेद हों सुलझाए जा सकें।"
जिन्ताओ के साथ बातचीत में ओबामा ने भी यह दोहराया कि अमेरिका सभी महिलाओं और पुरुषों के सार्वभौमिक अधिकारों में यकीन रखता है।
दोनों देशों ने अगले साल के आरंभ में मानवाधिकारों के मसले पर द्विपक्षीय वार्ता आयोजित करने पर भी सहमति व्यक्त की।
ओबामा ने दलाई लामा के बारे में यह टिप्पणी उस समय की है जब मानवाधिकार संगठनों ने मंगलवार को कहा कि चीन ने तिब्बती भाषा की वेबसाइट के संस्थापक को 15 साल और एक तिब्बती ब्लॉगर को पांच साल की कैद की सजा सुनाई है।
ओबामा की चीन यात्रा से पहले हॉलीवुड अभिनेता रिचर्ड गेर ने इंटरनेशन कैम्पेन फॉर तिब्बत के बोर्ड का अध्यक्ष होने के नाते उन्हें एक पत्र भेजा था। इस पत्र में कहा गया था कि दलाई लामा से मुलाकात न करने के ओबामा के फैसले से तिब्बती बहुत निराश और हैरान हैं। दलाई लामा ने पिछले महीने अमेरिका की यात्रा की थी।
वैसे चीन सरकार और दलाई लामा दोनों का ही कहना है कि वे तिब्बत के भविष्य के बारे में बातचीत के जरिए किसी समझौते तक पहुंचना चाहते हैं। चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के अधिकारियों ने पिछले साल नवंबर में दलाई लामा के प्रतिनिधियों से बातचीत की थी।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बिल क्लिंटन और जार्ज बुश दोनों ही चीन सरकार से दलाई लामा के साथ बातचीत करने का अनुरोध कर चुके हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications