दिल्ली में पिछले 11 वर्षो का रिकार्ड टूटा (लीड-1)
नई दिल्ली, 17 नवंबर (आईएएनएस)। दिल्ली में सोमवार की मूसलाधार बारिश ने नवंबर में होने वाली बारिश का पिछले 11 वर्ष का रिकार्ड तोड़ दिया। इससे दिल्ली के तापमान में गिरावट आ सकती है।
सोमवार को राजधानी में 40 मिनट के अंदर 7.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। पिछले 11 वर्षो के दौरान नवंबर महीने में एक दिन में हुई यह सबसे ज्यादा वर्षा है। इस नवंबर महीने में दिल्ली में अब तक 10.4 मिलीमीटर बारिश हुई है।
सफदरजंग मौसम विज्ञान विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "यह बारिश 1999 के बाद से नवंबर महीने में एक दिन में हुई सबसे अधिक बारिश है। 1998 में राष्ट्रीय राजधानी में 14.4 मिलीमीटर बारिश हुई थी।"
अधिकारी के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम से आने वाली हवाओं के चलते यह बारिश हुई है।
राजधानी में कल अधिकतम तापमान 27.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह औसत से कुछ कम है। न्यूनतम तापमान 16.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से छह डिग्री अधिक है।
अधिकारी ने कहा, "आने वाले दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट आ सकती है। आकाश पर बादल छाए रहेंगे और बुधवार सुबह कोहरे की स्थिति हो सकती है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications