छात्रों के यौन शोषण के आरोप में शिक्षक गिरफ्तार
पटना,16 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के बेगूसराय जिले के फुलवड़िया थाना क्षेत्र में वेदों की शिक्षा देने वाले एक आवासीय विद्यालय के एक शिक्षक को छात्रों के यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
बेगूसराय के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी नवीन कुमार उपाध्याय को बेगूसराय पुलिस के एक दल ने रविवार को पटना से गिरफ्तार किया। उन्होंने कहा कि गिरफ्तार शिक्षक से पुलिस पूछताछ कर रही है तथा मामले की छानबीन जारी है।
उल्लेखनीय है कि फुलवड़िया स्थित गोपाल आयुर्वेद भवन वेद विद्या संस्थान में छह से 14 वर्ष की उम्र के बच्चे वेदों की शिक्षा ग्रहण करते हैं। राष्ट्रीय वेद विद्या प्रतिष्ठान, उज्जैन द्वारा संचालित इस संस्थान में 40 बच्चे हैं।
फुलवड़िया थाना के प्रभारी संजीव कुमार ने बताया कि शनिवार को संस्थान में पढ़ने वाले छात्रों के अभिभावकों ने कुछ छात्रों का यौन शोषण करने के आरोप में संस्थान के उक्त शिक्षक के खिलाफ थाने में मामला दर्ज करवाया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications