कांग्रेस ने कोड़ा मामले में भाजपा के आरोपों को खारिज किया (लीड-1)
कांग्रेस प्रवक्ता मनीष तिवारी ने कहा, "हमने राज्य में स्थिरता, विकास, पारदर्शिता और अच्छे प्रशासन के लिए कोड़ा सरकार (2006-08) को समर्थन दिया था। लेकिन यदि कोई व्यक्ति उसका नाजायज लाभ उठाता है या विश्वासघात करता है तो उसे ठीक उसी तरह कानून का सामना करना पड़ता है, जैसा कि झारखण्ड के पूर्व मुख्यमंत्री को करना पड़ रहा है।"
मधु कोड़ा की डायरी में कुछ वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं के नाम जुड़े होने के खुलासे के बारे में पूछ गए सवाल पर तिवारी ने कहा कि किसी मामले में कयास लगाना उचित नहीं है। तिवारी ने कहा कि कोड़ा उचित फोरम के समक्ष हैं, जहां वे जो भी जरूरी समझें खुलासा करें।
कोड़ा की उस धमकी के बारे में जिसमें उन्होंने कहा है कि उचित समय पर वह सब कुछ खुलासा कर देंगे, तिवारी ने कहा कि इस तरह की प्रतिक्रिया जांचकर्ताओं को प्रभावित करने की तरकीब हो सकती है।
भाजपा को आड़े हाथों लेते हुए तिवारी ने कहा कि भाजपा को भ्रष्टाचार के बारे में बोलने का कोई अधिकार नहीं है।
ज्ञात हो कि भाजपा ने कोड़ा की डायरी में मिले नेताओं के नामों का खुलासा करने की मांग की है। कोड़ा पर 2,500 करोड़ रुपये का घोटाले का आरोप है।
भाजपा महासचिव अरुण जेटली ने कहा कि अगले एक पखवाड़े में झारखण्ड में चुनाव होने जा रहे हैं ऐसे में सरकार को इन नामों का खुलासा करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश और झारखण्ड की जनता के लिए डायरी में दर्ज नामों के बारे में जानना जरूरी है। ऐसे में सरकार को इस घोटाले में शामिल सभी राजनेताओं के नामों का खुलासा करना चाहिए।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications