भारत-ईरान के बीच आतंक और गैस पाइपलाइन पर हुई चर्चा
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और ईरान के विदेश मंत्रियों ने सोमवार को यहां पाकिस्तान जनित आतंकवाद के बारे में व्यापक स्तर पर बातचीत की। दूसरी ओर प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह द्वारा पाकिस्तान सहित तीन देशों के बीच बिछाई जाने वाली गैस पाइपलाइन के मामले को आगे बढ़ाने की नई दिल्ली की प्रतिबद्धता को फिर से दोहरायाए जाने की खबर है।
विदेश मंत्री एस.एम.कृष्णा ने ईरानी विदेश मंत्री मनुचेहर मोत्तकी के साथ प्रतिनिधिमंडल स्तर पर ऊर्जा सुरक्षा, व्यापार, ईरान की परमाणु महत्वाकांक्षा और विज्ञान व प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में सहयोग बढ़ाने जैसे तमाम द्विपक्षीय व क्षेत्रीय मुद्दों पर चर्चा की।
राजनयिक सूत्रों ने कहा कि अफगानिस्तान के अस्थिर हालात और क्षेत्र में अशांति फैलाने में पाकिस्तानी आतंकी संगठनों की भूमिका जैसे मुद्दे बातचीत के दौरान छाए रहे।
ईरान ने आतंकवाद के मुकाबले के लिए भारत के साथ सहयोग करने की इच्छा जताई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications