बाप पर लगा बेटी को बेचने का आरोप
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार चंदन नगर थाना क्षेत्र के राजनगर इलाके में रहने वाले दलित वर्ग के शंकर पर उसी के समाज के लोगों ने बेटी को बेचने का आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा है। शिकायत में कहा गया है कि शंकर ने अपनी बेटी जो नाबालिग है को उच्च जाति के मुम्बई निवासी सुरेश जैन को तीन लाख रुपये में बेच दिया है।
वहीं दूसरी ओर शंकर का कहना है कि उसने अपनी बेटी जो कि बालिग है, की शादी सुरेश जैन से बुरहानपुर न्यायालय तथा आर्य समाज के मंदिर में की है। इसके प्रमाण के रूप में वह दस्तावेज भी दिखाता है। शंकर का कहना है कि उसने समाज के लोगों को बुलाए बगैर बेटी की शादी की है इसलिए लोग नाराज हैं, परंतु उसके पास इस बात का जवाब नहीं है कि उच्च वर्ग के लड़के से उसने बेटी की शादी क्यों की है।
चंदन नगर थाने के प्रभारी अजय केशवास ने सोमवार को आईएएनएस को बताया कि यह मामला बुरहानपुर का है इसलिए उन्होंने शिकायत को कोतवाली बुरहानपुर भेज दिया है। वहीं उन्होंने सुरेश के भाई से मुम्बई फोन पर बात की तो उसने बताया कि सुरेश व उसकी पत्नी घूमने गए हैं। उन्होंने शंकर से पूछताछ की तो उसने दस्तावेज दिखाते हुए बताया कि उसने सुरेश से बेटी की शादी की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications