ओबामा बीजिंग पहुंचे, चीन को मजबूत राष्ट्र कहा (लीड-2)
चीन के उपराष्ट्रपति झी जिनपिंग ने बीजिंग हवाई अड्डे पर ओबामा की अगवानी की। ओबामा चीन के चार दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार रात वह शंघाई पहुंचे थे। जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद ओबामा की यह पहली चीन यात्रा है।
ओबामा चीनी नेताओं से मुलाकात करेंगे तथा प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय व क्षेत्रीय मुद्दों और द्विपक्षीय संबंधों पर विचारों का आदान-प्रदान करेंगे। ओबामा चीन के दो हेरिटेज स्थलों (फोरबिडेन सिटी और द ग्रेट वाल) का भी दौरा करेंगे।
सोमवार को इसके पहले ओबामा ने शंघाई साइंस एंड टेक्नोलॉजी म्यूजियम में चीनी युवाओं के साथ संवाद स्थापित किया।
उन्होंने कहा कि मूल रूप से दुनिया आपस में जुड़ी हुई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ओबामा ने कहा, "हम जो काम करते हैं, जो समृद्धि खड़ी करते हैं, जो पर्यावरण संरक्षण करते हैं और जो सुरक्षा हम चाहते हैं, वे सभी आपस में जुड़े हुए हैं।" ओबामा ने कहा कि किसी भी देश का विकास दूसरे देश की कीमत पर नहीं किया जाना चाहिए।
अमेरिका-चीन के संबंधों को सकारात्मक, रचनात्मक और व्यापक बताते हुए ओबामा ने कहा कि संबंध आर्थिक मजबूती, स्वच्छ ऊर्जा के विकास, परमाणु हथियारों के प्रसार और जलवायु परिवर्तन में वृद्धि पर रोक तथा एशिया व पूरी दुनिया में शांति व सुरक्षा को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण वैश्विक मुद्दों पर साझेदारी के दरवाजे खोलते हैं।
ओबामा ने कहा, "मैं अतीत में इस बात को स्पष्ट कर चुका हूं कि अमेरिका एकल-चीन नीति का समर्थन करता है। हम उस नीति या दृष्टिकोण को बदलना नहीं चाहते।"
ओबामा ने कहा कि अमेरिका चीन के साथ युवाओं की आवाजाही को बढ़ाएगा और यहां अध्ययन कर रहे विद्यार्थियों की संख्या में बढ़ोतरी करेगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications