शक्तिशाली विस्फोट में बीएसएफ के डीआईजी शहीद (लीड-3)
तंवर पाकिस्तान की ओर से हो रही घुसपैठ की खबरों की पुष्टि के लिए जम्मू से 45 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में बलाड चौकी के निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। उसी समय उनके वाहन को शक्तिशाली विस्फोट से उड़ा दिया गया। विस्फोट में इंप्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) का इस्तेमाल किया गया था।
सीमा सुरक्षा बल के महानिरीक्षक (जम्मू फ्रंटियर) ए.के.सरूलिया ने कहा, "यह एक दुखद घटना है। बीएसएफ ने एक समर्पित अधिकारी को खो दिया है।"
अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तान की ओर से रविवार रात घुसपैठ की खबर आई थी। आशंका इस बात की है कि विस्फोटक रविवार रात ही लगाया गया था।
सरूलिया ने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने रविवार रात को घुसपैठियों की चहलकदमी देखी थी और इसके बाद गोली चलाई थी। इसके बाद घुसपैठ करने वालों की ओर से भी जवाबी गोलीबारी की गई लेकिन बाद में वे उस स्थान से गायब हो गए।
विस्फोट में तंवर के सुरक्षाकर्मी शाम लाल और संजय कुमार एवं चालक घायल हो गए जिन्हें यहां के सरकारी चिकित्सा महाविद्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अधिकारियों के निरीक्षण के दौरान घुसपैठियों द्वारा बिछाई गई बारूदी सुरंगों के बारे में सरूलिया ने कहा कि इसकी जांच की जा रही है और हम जांच पूरी होने के बाद ही इस बारे में कुछ बता सकते हैं।
इस घटना के बाद बीएसएफ ने सीमा से लगे इलाकों में बारूदी सुरंगों का पता लगाने के लिए संबंधित उपकरणों के साथ सुरक्षा बल के कुछ दलों को भेजा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications