आंध्र प्रदेश में विस्फोट, 12 मरे (लीड-2)
हैदराबाद, 16 नवंबर (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के गुंटूर जिले के एक मकान में गैरकानूनी रूप से जमा किए गए विस्फोटकों में सोमवार को धमाका होने से छह बच्चों सहित 12 लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि 20 अन्य घायल हो गए।
यह दुर्घटना हैदराबाद से 300 किलोमीटर दूर गुंटूर जिले के नारायणपुर में हुई।
अधिकारियों ने बताया कि जिस दो मंजिला मकान में जिलेटिन छड़ें रखीं थी वह पूरी तरह नष्ट हो गया है जबकि इस शक्तिशाली विस्फोट से करीब के चार अन्य मकानों में आंशिक क्षति हुई है। इस शक्तिशाली धमाके से मकानों को आग भी लग गई थी।
बचाव कर्मियों ने मलबे से 12 शव बाहर निकाले हैं। अधिकारियों का कहना है कि मलबा हटाने का काम जारी है और मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है।
इलाके के खदान मालिकों को जिलेटिन छड़ें उपलब्ध कराने के लिए उनका भंडारन करने वाले व्यापारी कोटेश्वर राव और उसके परिवार के तीन सदस्यों की भी विस्फोट में मौत हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों को कहना है कि सुबह करीब 9.00 बजे यह विस्फोट हुआ था और विस्फोट स्थल से एक किलोमीटर दूर तक धमाके की आवाज सुनी गई। अनुमान लगाया जा रहा है कि गैस सिलेंडर के फटने से यह शक्तिशाली विस्फोट हुआ होगा।
घटनास्थल पर पहुंचे गुंटूर के जिला कलेक्टर बी. रमनजैनेयुलु ने घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि वे यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि क्या मकान के मालिक के पास जिलेटिन की छड़ें इकट्ठी करने का लाइसेंस था।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया है कि विस्फोटकों को गैरकानूनी रूप से रखा गया था। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पूर्व में इसकी शिकायत दर्ज करने के बावजूद अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहींे की।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications