प्रचंड अचानक सिंगापुर रवाना
काठमांडू, 16 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के प्रमुख माओवादी नेता व पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कुमार दहाल प्रचंड सोमवार को अचानक सिंगापुर रवाना हो गए। उनके इस दौरे को लेकर राजनीतिक कयासबाजियां उफान पर हैं। उनकी पार्टी ने शुक्रवार तक अपनी मांगें नहीं माने जाने की सूरत में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की धमकी दी है।
प्रचंड के साथ माओवादी नेता और पार्टी के अंतर्राष्ट्रीय मामलों के प्रभारी कृष्ण बहादुर महारा भी सिंगापुर गए हैं।
पार्टी प्रवक्ता दीनानाथ शर्मा ने प्रचंड की यात्रा को उनका निजी कार्यक्रम बताया है।
बहरहाल, राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि प्रचंड वहां नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री गिरिजा प्रसाद कोइराला से देश की मौजूदा राजनीतिक परिस्थिति पर आपात चर्चा करेंगे। कोइराला अपने इलाज के लिए पिछले कुछ समय से सिंगापुर में ही हैं। वह निमोनिया और फेफड़े के संक्रमण से पीड़ित हैं।
माना जा रहा है कि प्रचंड अपनी पार्टी की मांगों के मद्देनजर कोइराला के मार्फत सत्तारूढ़ गठबंधन पर दबाव डलवाने के मसले पर चर्चा करेंगे ताकि बीच-बचाव का कोई रास्ता निकल सके।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications