भारत, नेपाल के गृह मंत्रियों की मुलाकात स्थगित
काठमांडू, 16 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और नेपाल के गृह मंत्रियों की नई दिल्ली में मंगलवार से आरंभ होने वाली तीन दिवसीय वार्ता नेपाल में उपद्रवों के कारण अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है।
दोनों देशों के गृह सचिवों के बीच काठमांडू में हुई प्रथम दौर की वार्ता के बाद नेपाल के गृह मंत्री भीम रावल आतंकवाद से निपटने और सीमा की संयुक्त सुरक्षा पर भारतीय गृह मंत्री पी. चिदंबरम के साथ वार्ता को आगे बढ़ाने वाले थे।
नेपाल के गृह मंत्रालय के प्रवक्ता जय मुकुंद खनल ने बताया कि नेपाल की आतंरिक स्थिति के कारण वार्ता स्थगित कर दी गई।
इस महीने के आरंभ से शुरू नेपाल की माओवादी पार्टी के विरोध प्रदर्शनों के कारण पूरे देश में सरकारी कामकाज प्रभावित हुआ था। शुक्रवार को समाप्त हुए प्रदर्शनों के बाद माओवादी पार्टी ने 21 नवंबर से नए सिरे से प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
माओवादी पार्टी प्रमुख पुष्प कमल दहाल 'प्रचंड' ने संकेत दिया है कि नए विरोध प्रदर्शन राष्ट्रव्यापी बंद में बदल सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications