चीन मजबूत, समृद्ध देश : ओबामा (लीड-1)
शंघाई, 16 नवंबर (आईएएनएस)। चीन के दौरे पर पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने सोमवार को कहा कि चीन "राष्ट्रों के समुदाय का मजबूत, समृद्ध और सफल सदस्य है" और अमेरिका चीन के उदय को दबाना नहीं चाहता।
चीन के आर्थिक केंद्र शंघाई में साइंस एंड टेक्नोलॉजी म्यूजियम में चीनी युवाओं से चर्चा के दौरान ओबामा ने यह टिप्पणी की।
उन्होंने कहा कि मूल रूप से दुनिया परस्पर जुड़ी हुई है।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार ओबामा ने कहा, "जो काम हम करते हैं, समृद्धि जिसका निर्माण हम करते हैं, पर्यावरण जिसका हम संरक्षण करते हैं और सुरक्षा जो हम चाहते हैं, सभी आपस में जुड़े हैं।"
उन्होंने कहा कि किसी भी देश का विकास अन्य की कीमत पर नहीं होना चाहिए।
ओबामा ने कहा कि अमेरिका चीन के साथ युवाओं का आदान प्रदान बढ़ाएगा। उन्होंने कहा कि युवा सबसे बेहतर राजदूत होते हैं और देशों के बीच सहयोग सरकारों से आगे बढ़ना चाहिए।
ओबामा चार दिवसीय चीन दौरे पर रविवार रात शंघाई पहुंचे। जनवरी में कार्यभार संभालने के बाद ओबामा की यह पहली चीन यात्रा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications