हम अफगानिस्तान में बने रहना नहीं चाहते : हिलेरी
वाशिंगटन, 16 नवंबर (आईएएनएस)। अमेरिका की विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि लोकतंत्र की मजबूती तथा पुनर्निर्माण के लिए अफगानिस्तान में लंबे समय तक बने रहने में उसकी कोई रुचि नहीं है, बल्कि उनका प्राथमिक उद्देश्य अल कायदा को हराना है।
क्लिंटन ने रविवार को एनबीसी के कार्यक्रम "मीट द प्रेस" में कहा, "अफगानिस्तान में लंबे समय तक बने रहने में हमारी कोई रुचि नहीं है।"
क्लिंटन ने कहा, "हम अमेरिका पर हमला करने वाले अल कायदा को हराना व नष्ट करना और अफगानिस्तान को अपनी सुरक्षा के लिए समर्थ बनाना चाहते हैं।"
क्लिंटन ने कहा कि धन को सही उद्देश्य के लिए खर्च करने के प्रमाण के बिना अमेरिका अफगान सरकार की एजेंसियों को असैन्य सहायता नहीं देगा।
उन्होंने कहा कि अफगान राष्ट्रपति हामिद करजई की सरकार और बेहतर प्रदर्शन कर सकती है तथा अमेरिकी प्रशासन ऐसे उपायों की खोज में है जिससे करजई की सरकार को अफगानी लोगों के लिए और अधिक जिम्मेदार बनाया जा सके।
क्लिंटन ने कहा कि करजई सरकार को धोखाधड़ी को समाप्त करने और यह दिखाने की आवश्यकता है कि भ्रष्ट लोगों के लिए कोई छूट नहीं है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications