हेडली के आतंकी सूत्रों की तलाश में छापे (राउंडअप)
उधर दिल्ली पुलिस ने भी पहाड़गंज इलाके में स्थित कई साइबर कैफे और होटलों में गहन तलाशी ली। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का संदिग्ध डेविड कोलमैन हेडली इस वर्ष कुछ महीने पहले इस इलाके में ठहरा था।
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार एनआईए के दल ने दक्षिण मुंबई और गोरगांव, मलाड, खार, पाली हिल तथा लोखंडवाला सहित शहर के उपनगरीय इलाकों में विभिन्न स्थलों पर छापे मारे। इस सिलसिले में यह जांच दल फिल्मकार महेश भट्ट के बेटे राहुल भट्ट से हेडली के साथ कथित संबंधों के बारे में पूछताछ कर सकता है।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए के दल ने गोरेगांव में लश्कर के गिरफ्तार कार्यकर्ता फहीम अंसारी के घर पर छापा मारा, जो एक अन्य संदिग्ध सबाउद्दीन मोहम्मद के साथ जेल में बंद है। दोनों पर मुंबई हमले की साजिश रचने और हमले के लिए नक्शा तैयार करने का आरोप है। मुंबई हमले में 170 लोग मारे गए थे।
दक्षिण मुंबई के दो आलीशान होटलों (ताज व ट्राइडेंट) के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि हमले के पूर्व हेडली उन दोनों होटलों में ठहरा था। इन दोनों होटलों को आतंकियों ने अपना निशाना बनाया था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि राहुल भट्ट हेडली की मुंबई यात्राओं के बारे में अधिक जानकारी जुटाने में उनकी मदद करेगा। हालांकि महेश भट्ट ने इस बात से इंकार किया है कि उनके बेटे का आतंकियों के साथ कोई संबंध है, लेकिन उन्होंने इस बात को स्वीकार किया है कि फिटनेश इंस्ट्रक्टर के रूप में राहुल एक जिम में हेडली से मिला था।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए के दल ने गोरेगांव में एक चाल से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। लेकिन उन दस्तावेजों में क्या है, उसके बारे में कोई विवरण अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।
इधर केंद्रीय गृह सचिव जी.के.पिल्लई ने रविवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम के मौके पर संवाददाताओं को बताया कि एनआईए का दल राहुल भट्ट से पूछताछ करेगा। राहुल भट्ट ने हेडली से अपनी मुलाकात और ब्रीच कैंडी अस्पताल के पास उसे किराए पर मकान दिलाने में मदद करने की बात स्वीकार की है।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए का दल मुंबई में राहुल भट्ट के उन तीन मित्रों से भी पूछताछ करेगा, जिन्हें मुंबई पुलिस ने इसके पहले संक्षिप्त पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया था।
उधर दिल्ली पुलिस ने रविवार को मध्य दिल्ली के पहाड़गंज इलाके में स्थित कई साइबर कैफे और होटलों में गहन तलाशी ली। लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) का संदिग्ध डेविड कोलमैन हेडली इस वर्ष कुछ महीने पहले इस इलाके में ठहरा था।
पुलिस के एक सूत्र ने कहा, "पहाड़गंज इलाके में स्थित साइबर कैफे, टेलीफोन बूथों और होटलों की गहन तलाशी ली गई।"
हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह तलाशी हेडली के संबंध में ही ली गई या किसी और कारण से। हेडली पहाड़गंज के दो होटलों में तीन दिनों तक रुका था।
नियमित जांच के अलावा पुलिस ने साइबर कैफे, होटल और टेलीफोन बूथ मालिकों से इस वर्ष पहली मार्च से 15 मार्च के बीच उनके यहां आए ग्राहकों के बारे में ब्योरे मांगे।
इस बीच कोच्चि में खुफिया विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को कहा है कि लश्कर-ए-तैयबा का संदिग्ध आतंकवादी तहव्वुर हुसैन राणा पिछले वर्ष नवंबर में कोच्चि आया था और यहां दो दिन ठहरा था।
राज्य पुलिस के खुफिया विभाग के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम गुप्त रखने की शर्त पर आईएएनएस को बताया कि पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक राणा पिछले वर्ष नवंबर में कोच्चि आया था।
उल्लेखनीय है कि अमेरिकी के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने डेविड कोलमैन हेडली और राणा को लश्कर के इशारे पर भारत में आतंकवादी हमलों की साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार किया है।
अधिकारी ने कहा, "हमने राणा की कोच्चि यात्रा की रिपोर्ट की जांच की थी। अब यह स्पष्ट हो गया है कि वह पिछले वर्ष नवंबर में यहां आया था और एक होटल में ठहरा था। "
अधिकारियों के अनुसार राणा पिछले वर्ष 16 और 17 नवंबर को कोच्चि में था। राज्य के गृह मंत्री कोदियेरी बालाकृष्णन ने भी इस बात की पुष्टि की है।
बालाकृष्णन ने कहा कि यह जानने के लिए एफबीआई की सहायता ली जाएगी कि क्या कोच्चि में ठहरने वाला राणा वही शख्स है जिसे अमेरिका में गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस उन टेलीफोन नंबरों का पता लगा रही है, जिन पर राणा ने फोन किया था। राणा की कोच्चि यात्रा के बारे में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिए जल्द ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) के अधिकारी यहां पहुंचेंगे।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications