कनाडाई प्रधानमंत्री के प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मूल के 8 लोग
टोरंटो, 15 नवंबर (आईएएनएस)। कनाडा के हाउस ऑफ कामन्स में अल्पमत की समस्या से जूझ रहे प्रधानमंत्री स्टीफन हार्पर ने आगामी चुनाव के लिए पंजाबी और गुजराती मतों पर निगाहें गड़ा रखी है। हार्पर सोमवार से भारत दौरे पर आएंगे।
हार्पर ने हालांकि अपने पूर्ववर्तियों से भिन्न अपनी भारत यात्रा के लिए गठित प्रतिनिधिमंडल में भारतीय मूल के कुछ चुनिंदा कनाडाई नागरिकों को ही शामिल किया है।
एक आधिकारिक सूत्र ने आईएएनएस को बताया, "लिबरल पार्टी के जीन केट्रीन और पॉल मार्टिन ने वर्ष 2003 और 2005 में अपने-अपने प्रधानमंत्रित्व काल में भारी भरकम भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ भारत का दौरा किया था। लेकिन हार्पर ने भारतीय मूल के कुछ चुनिंदा कनाडाई नागरिकों को अपने प्रतिनिधिमंडल में लिया है। इनकी संख्या आठ है।"
नाम जाहिर न करने की शर्त पर एक सूत्र ने कहा, "हार्पर ने प्रतिनिधिमंडल में सिर्फ उन्हें आमंत्रित किया है, जो उनके मिशन में योगदान कर सकते हैं।"
हार्पर की कंजर्वेटिव पार्टी भारतीय मूल के कनाडाई नागरिकों सहित नस्लीय समुदायों को अपने साथ जोड़ने को लेकर उत्सुक है। इन समुदायों का वोट पारंपरिक रूप से लिबरल पार्टी को जाता है। सत्ताधारी पार्टी फिलहाल 308 सदस्यीय हाउस ऑफ द कामन्स में अल्पमत में आ गई है। भारतीय मूल के कनाडाई मतददाता अगले चुनाव में कंजर्वेटिव पार्टी के भविष्य को बदल सकते हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications