कसाब मामले की सुनवाई अंतिम चरण में
मुंबई, 15 नवंबर (आईएएनएस)। मुंबई में हुए आतंकवादी हमले को एक साल पूरे होने को है और इस मामले में एकमात्र जीवित गिरफ्तार किए गए आतंकी अजमल आमिर उर्फ कसाब मामले की सुनवाई भी अंतिम चरण में है और जल्द ही उसे सजा सुनाई जाएगी, जिसका लोगों को बेसब्री से इंतजार है।
विशेष लोक अभियोजक उज्जवल निकम ने आईएएनएस से कहा, "हमें आशा है कि 26 नवंबर तक हम सभी गवाहों को अदालत में पेश कर पाएंगे।"
निकम ने कहा कि इसके बाद मामले में बचाव पक्ष और अभियोजन पक्ष के बीच अंतिम जिरह शुरू होगी।
पिछले वर्ष 26 नवंबर को मुंबई में देश में अब तक के सबसे दुस्साहसिक आतंकवादी हमले को अंजाम दिया गया था। अब देश भर की निगाहें मुंबई की उस अदालत पर टिकी हुई जहां कसाब मामले की सुनवाई चल रही है।
इस मामले की सुनवाई के दौरान विवाद भी सामने आए लेकिन पिछले सात महीनों के दौरान तेजी से सुनवाई की गई और इस दौरान अभियोजन पक्ष ने 250 गवाहों को पेश किया, जिनके बयान दर्ज किए गए।
गवाहों में आतंकवादी हमलों के दौरान बचे लोग, पीड़ितों के परिजन, पुलिसकर्मी, विदेशी नागरिक, भारतीय अधिकारी और अमेरिकी संघीय जांच ब्यूरो के जासूस शामिल थे।
सुनवाई अब अंतिम चरण में है लोगों को फैसले की घड़ी का इंतजार है। इस हमले की साजिश में शामिल और मामले में सहअभियुक्त फहीम अंसारी और सबाउद्दीन अहमद के खिलाफ भी फैसला सुनाया जा सकता है।
सरकार ने इस मामले की त्वरित गति से सुनवाई की व्यवस्था करने के साथ ही कड़ी सुरक्षा वाली आर्थर रोड सेंट्रल जेल में वातानुकूलित विशेष अदालत गठित की। विशेष न्यायाधीश एम.एल तहिलयानी इस मामले की सुनवाई कर रहे हैं।
इस मामले में पहले कसाब की पैरवी के लिए वकीलों ने इंकार कर दिया था लेकिन बाद में एक वकील अंजलि वाघमारे इसके लिए तैयार हो गई थीं, लेकिन चूंकि वह कुछ पीड़ितों की ओर से भी पेश हो रही थीं इसलिए उन्हें कसाब की पैरवी के अयोग्य करार दे दिया गया था।
इसके बाद फौजदारी मामलों के जाने-माने वकील एस.जी. अब्बास काजमी को कसाब का वकील नियुक्त किया गया।
काजमी ने इस मामले की सुनवाई के संबंध में कहा था, "यह नियमित सुनवाई है जिसमें मैं अनुपस्थित नहीं रहना चाहूंगा। हालांकि इस वजह से मेरे पहले के काम और मुकदमे प्रभावित हो रहे हैं। मैं इन्हें अपने साथियों को सौंप रहा हूं। जब तक इस मामले की सुनवाई समाप्त नहीं होती मेरे लिए नए मामले लेने का समय नहीं है।"
काजमी ने कहा, "और यह सब मैं केवल 2,500 रुपये प्रतिदिन के लिए कर रहा हूं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications