हेडली के आतंकी सूत्रों की तलाश में मुंबई में छापे
गृह मंत्रालय के सूत्रों के अनुसार एनआईए के दल ने दक्षिण मुंबई और गोरगांव, मलाड, खार, पाली हिल तथा लोखंडवाला सहित शहर के उपनगरीय इलाकों में विभिन्न स्थलों पर छापे मारे।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए के दल ने गोरेगांव में लश्कर के गिरफ्तार कार्यकर्ता फहीम अंसारी के घर पर छापा मारा, जो एक अन्य संदिग्ध सबाउद्दीन मोहम्मद के साथ जेल में बंद है। दोनों पर मुंबई हमले की साजिश रचने और हमले के लिए नक्शा तैयार करने का आरोप है। मुंबई हमले में 170 लोग मारे गए थे।
दक्षिण मुंबई के दो आलीशान होटलों (ताज व ट्राइडेंट) के रिकॉर्ड भी खंगाले जा रहे हैं। कहा जा रहा है कि हमले के पूर्व हेडली उन दोनों होटलों में ठहरा था। इन दोनों होटलों को आतंकियों ने अपना निशाना बनाया था।
जांचकर्ताओं का मानना है कि राहुल भट्ट हेडली की मुंबई यात्राओं के बारे में अधिक जानकारी जुटाने में उनकी मदद करेगा। हालांकि महेश भट्ट ने इस बात से इंकार किया है कि उनके बेटे का आतंकियों के साथ कोई संबंध है, लेकिन उन्होंने इस बात को स्वीकार किया है कि फिटनेश इंस्ट्रक्टर के रूप में राहुल एक जिम में हेडली से मिला था।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए के दल ने गोरेगांव में एक चाल से कुछ संदिग्ध दस्तावेज बरामद किए हैं। लेकिन उन दस्तावेजों में क्या है, उसके बारे में कोई विवरण अभी उपलब्ध नहीं हो पाया है।
इधर केंद्रीय गृह सचिव जी.के.पिल्लई ने रविवार को दिल्ली में एक कार्यक्रम के मौके पर संवाददाताओं को बताया कि एनआईए का दल राहुल भट्ट से पूछताछ करेगा। राहुल भट्ट ने हेडली से अपनी मुलाकात और ब्रीच कैंडी अस्पताल के पास उसे किराए पर मकान दिलाने में मदद करने की बात स्वीकार की है।
सूत्रों ने कहा है कि एनआईए का दल मुंबई में राहुल भट्ट के उन तीन मित्रों से भी पूछताछ करेगा, जिन्हें मुंबई पुलिस ने इसके पहले संक्षिप्त पूछताछ करने के बाद छोड़ दिया था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications