राजस्थान में रेल सेवाएं बहाल
जयपुर से 40 किलोमीटर दूर बस्सी के पास जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के 21 घंटे बाद रेल सेवाएं पुन: बहाल कर दी गई हैं।
गौरतलब है कि शनिवार को हुई इस दुर्घटना में रेलगाड़ी के 22 डिब्बों में से 15 डिब्बे पटरी से उतर गए थे जिसमें चार वातानुकूलित डिब्बे शामिल थे।
रेलवे प्रवक्ता के अनुसार इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हुई थी और 20 लोग घायल हो गए थे। इस रेल खंड पर रेल सेवाएं शनिवार रात 11.30 बजे से शुरू कर दी गईं। इससे पहले दुर्घटना की वजह से दो यात्री गाड़ियों को रद्द कर दिया गया था जबकि कुछ रेलगाड़ियों के मार्ग बदल दिए गए थे।
रेलवे ने इस दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपये, गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये और मामूली घायल लोगों के लिए 10,000 रुपये देने की घोषणा की है।
राज्य सरकार ने इस दुर्घटना में मरने वाले व्यक्तियों के परिजनों को दो लाख रुपये और गंभीर रूप से घायलों को एक लाख रुपये जबकि साधारण रूप से घायल हुए व्यक्तिओं को 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि देने की घोषणा की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications