डेंगू के मामलों को लेकर सतर्क हुआ तिहाड़ प्रशासन
तिहाड़ जेल के प्रवक्ता सुनील गुप्ता ने आईएएनएस को बताया, "राजधानी में फैल रहे डेंगू के मामलों को देखते हुए जेल प्रशासन भी सतर्क हो गया है। कैदियों को कहा गया है कि वे मच्छरों को फैलने से रोकने के लिए अपने आस पास सफाई का ध्यान रखें। डेंगू को फैलने से रोकने के लिए वार्डो में दवा का छिड़काव करने के साथ ही डेंगू के लक्षणों और उससे बचाव के उपायों के बारे में बताया जा रहा है।"
देश के सबसे बड़े कारागार तिहाड़ जेल में करीब 12,000 से अधिक कैदी बंद हैं।
जेल प्रशासन ने विभिन्न जेल वार्डो के जेल अधीक्षकों को इन मामलों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। कैदियों को सख्त हिदायत दी गई है कि डेंगू के लक्षण पाए जाने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें ताकि समय रहते कारगर कदम उठाया जा सके।
जेल सूत्रों के मुताबिक लगभग आधा दर्जन से अधिक कैदियों में डेंगू के संदिग्ध मामले सामने आने के बाद जेल प्रशासन ने कैदियों और जेल अधीक्षकों के लिए ये दिशा निर्देश जारी किए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications