छत्तीसगढ़ में जंगली हाथियों का उपद्रव
सरगुजा जिले के बाकालो गांव में पिछले दो रातों से जंगली हाथियों का उपद्रव जारी है। रविवार को गांव से लगभग 40 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर जाना पड़ा।
हाथियों ने शनिवार रात गांव में मिट्टी से बने चार घरों को रौंद दिया था। वन विभाग के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि राज्य के जनजातीय इलाकों के लिए यह कोई नई घटना नहीं है।
राज्य के सरगुजा, जाशपुर, कोरिया, कोरबा और रायगढ़ जिलों में हाल के महीने में हाथियों का उपद्रव काफी बढ़ा है। इन इलाकों में हाथियों द्वारा जान-माल की क्षति की भरपाई के लिए राज्य सरकार प्रतिवर्ष पीड़ित परिवारों का मुआवाजा भी देती है।
राज्य सरकार का कहना है कि जंगली हाथियों के उपद्रवों के स्थायी हल के लिए एक गैर सरकारी संगठन 'अर्थ मैटर्स फाउंडेशन' के प्रस्ताव पर काम करने की योजना बनाई जा रही है। संगठन ने हाथियों के लिए एक अलग 'गांव' स्थापित करने का प्रस्ताव दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications