नेपाली मंत्री के थप्पड़ों से भारतीय व्यापार प्रभावित
नेपाल की नई कृषि और सहकारिता मंत्री करीना बेगम ने मंगलवार को भारत-नेपाल सीमा पर स्थित परसा जिले के मुख्य जिला अधिकारी दुर्गा प्रसाद भंडारी के कार्यालय पर धावा बोलकर विवाद पैदा कर दिया। आरोप है कि उन्होंने भंडारी को थप्पड़ लगाए।
मधेशी जनाधिकार फोरम से संबंधित मंत्री ने आरोप लगाया कि नौकरशाह ने हवाई अड्डे से उन्हें लाने के लिए बिना पुलिस सुरक्षा के एक पुरानी कार भेजकर उनका अपमान करने का प्रयास किया।
मंत्री की गिरफ्तारी का वारंट जारी होने के बावजूद प्रधानमंत्री माधव कुमार नेपाल की गठबंधन सरकार के करीना बेगम के खिलाफ कार्रवाई से हिचकने से नौकरशाह अब संघर्ष की राह पर हैं।
अपने कृत्य के लिए माफी मांगने से इंकार करने वाली मंत्री के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर तराई इलाके के अधिकारियों ने मंगलवार से ही सरकारी कार्यालयों में काम रोक रखा है।
अधिकारियों ने विरोधस्वरूप बीरगंज का सीमा शुल्क कार्यालय भी बंद रखा है जो भारत और नेपाल के बीच व्यापार का सबसे प्रमुख स्थान है। इससे नेपाल सरकार को 52 करोड़ नेपाली रुपये के राजस्व के नुकसान की उम्मीद है।
बीरगंज का उपयोग अधिकांश बड़ी भारतीय कंपनियों की सहायक कंपनियां जैसे डाबर नेपाल, आईटीसी नेपाल, सूर्या नेपाल और हिंदुस्तान लीवर नेपाल आदि करती हैं।
सरकार ने अभी तक मंत्री के खिलाफ किसी दंडात्मक कार्रवाई का संकेत नहीं दिया है और इससे भारतीय व्यापारियों को और अधिक नुकसान की आशंका है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications