गरीबी से तंग आकर पिता ने दो बेटों की हत्या की
यह घटना श्रावस्ती के सोनवा थाना-क्षेत्र के दुधकला गांव की है। बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात शैलेंद्र उपाध्याय ने अपने दो बेटों अचल और अजीत की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी और शवों को गांव के बाहर खेत में फेंक दिया।
श्रावस्ती के अपर पुलिस अधीक्षक लल्लन राय ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि शवों को बरामद कर आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालने वाले शैलेंद्र की पत्नी की मौत इलाज के अभाव में एक साल पहले हो गई थी। तब से वह चिड़चिड़ा रहने लगा था। सारी जमापूंजी पत्नी के इलाज में लगा देने के कारण उसे दो जून की रोटी के लाले पड़ गए थे। इसी से तंग आकर उसने अपने बच्चों को मार डाला।
राय ने कहा कि घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है। गरीबी घटना की एक वजह हो सकती है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications