बाल दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का जन्म दिन बाल दिवस दिल्ली में अलग-अलग ढंग से मनाया गया। कई स्कूलों में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, स्वयं सेवी संगठनों ने बेसहारा बच्चों को चिड़ियाघर का भ्रमण कराया और उन्हें गर्म कपड़े बांटें।
इस अवसर पर राष्ट्रपति प्रतिभा देवीसिंह पाटिल ने राष्ट्रपति भवन में बच्चों से मुलाकात कर और उन्हें बाल दिवस की बधाई दी।
कई स्कूलों ने इस अवसर पर अवकाश की घोषणा की तो कई में विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ।
स्वयं सेवी संगठन 'सेव द चिल्ड्रन' ने राजधानी के 40 बेसहारा बच्चों को चिड़ियाघर की सैर कराई।
'सेव द चिल्ड्रन' की अनंथप्रिया सुब्रमण्यम ने आईएएनएस से कहा, "पूरे देश में समारोह होंगे, जो बहुत अच्छा है, लेकिन देश में लाखों बच्चे ऐसे हैं जिनके लिए बाल दिवस का कोई मतलब नहीं है। इसलिए हम उनमें से कुछ बच्चों के लिए इस दिन को मजेदार बनाकर कुछ अलग करने की कोशिश कर रहे हैं।"
कुछ अन्य स्वयं सेवी संगठनों जैसे बाल अधिकारों के लिए काम करने वाले एनजीओ 'बचपन बचाओ आंदोलन' ने मैक्सफोर्ट स्कूल के साथ मिलकर इस खास दिन पर वंचित वर्ग के बच्चों को गर्म कपड़े बांटे।
महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने कला, संगीत, नृत्य, खेल और विज्ञान जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अभूतपूर्व उपलब्धियां हासिल करने वाले 25 बच्चों को राष्ट्रीय बाल पुरस्कार दिए।
एनजीओ 'क्राई' ने इस अवसर पर शनिवार को एक राष्ट्रीय आंदोलन 'सबको शिक्षा समान शिक्षा' की शुरुआत की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications