पुलिस अधिकारियों की कैसीनो पार्टी की जांच के आदेश
राज्य के गृह मंत्री रवि नाइक ने संवाददाताओं के साथ बातचीत में शनिवार को कहा कि वह वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के समुद्र में कैसीनो के दौरे से चकित हैं और उन्होंने राज्य के पुलिस महानिदेशक बी.एस.बस्सी को इस पर जवाब देने के लिए तलब किया है।
नाइक ने कहा, "मुझे इस घटना के बारे में अभी जानकारी मिली है। मैंने डीजीपी बस्सी को इस मामले की जांच करने के लिए कहा है। हम यह जानने की कोशिश करेंगे कि वे पुलिस अधिकारी वहां किसलिए गए थे।"
ज्ञात हो कि गुरुवार की रात चार पुलिस अधीक्षकों- बास्को जार्ज (उत्तर जिला), आत्माराम देशपांडे (सीआईडी), अरविंद गावास (यातायात) और विश्राम बोरकर (मुख्यालय)- ने दो उपाधीक्षकों और एक निरीक्षक के साथ समुद्र में स्थित कैसीनो पोत, एमवी कैसीनो रॉयल में धमाल मचाया था। इन अधिकारियों ने मीडिया कर्मियों से बचने के लिए अपने को पोत पर स्थित एक बार, अक्वो में बंद कर लिया था। मीडिया कर्मी कैसीनो प्रबंधन द्वारा आयोजित संवाददाता सम्मेलन में हिस्सा ले रहे थे।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उस समय तमाशा का विषय बन गए, जब उन्होंने मीडिया की उपस्थिति में बार के बंद कमरे से बाहर आने से इंकार कर दिया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस घटना की निंदा की है और इसे शर्मनाक बताया है तथा वरिष्ठ अधिकारियों के आचरण की जांच कराए जाने की मांग की है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications