जयपुर के निकट रेलगाड़ी पटरी उतरी, 5 की मौत (लीड-1)
जयपुर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। जयपुर से करीब 40 किलोमीटर दूर शुक्रवार देर रात बस्सी नामक स्थान पर जोधपुर-दिल्ली मंडोर एक्सप्रेस के 11 डिब्बे पटरी से उतर गए। इस हादसे में पांच लोगों की मौत हुई और 19 व्यक्ति घायल हो गए।
रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रेलवे के एक प्रवक्ता ने बताया कि दुर्घटना 1.30 बजे के करीब झार और जटवारा स्टेशनों के बीच हुई, जहां चार वातानुकूलित और शयनयान श्रेणी के सात डिब्बे पटरी से उतर गए। दुघटना में पांच लोगों की मौत हुई और 19 अन्य घायल हुए।
उन्होंने कहा कि गाड़ी में फंसे हुए लोगों की तलाश की जा रही है।
दुर्घटना के कारण 24 रेलगाड़ियों के मार्ग में बदलाव किया गया और दो फास्ट पैसेंजर रेलगाड़ियों को रद्द कर दिया गया।
रेलगाड़ी में सवार कुछ यात्रियों ने आईएएनएस को बताया कि जयपुर स्टेशन से रवाना होने के थोड़ी देर बाद ही दुर्घटना हुई।
रेलगाड़ी से यात्रा कर रही एक महिला प्रियंका ने बताया, "दुर्घटना के कारण ऊपरी बर्थो पर सो रहे लोग नीचे गिरने के कारण बुरी तरह घायल हुए। मेरे सामने की बर्थ पर लेटी महिला गंभीर रूप से घायल हुई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications