सलमान को प्रचार से रोकने की कोशिश की गई : राज बब्बर
समाचार चैनल 'स्टार न्यूज' के साथ बातचीत में राज बब्बर ने कहा कि फिरोजाबाद में प्रचार के लिए कांग्रेस महासिचव राहुल गांधी के आने से मेरी बातों पर वहां के लोगों का यकीन पुख्ता हो गया। उन्होंने कहा कि फिरोजाबाद के लोगों ने मुलायम सिंह को झटका दिया है और वह महज इसके प्रतीक हैं।
समाजवादी पार्टी के महासिचव अमर सिंह पर कटाक्ष करते हुए राज बब्बर ने कहा कि आदमी जब स्वस्थ होता है तो स्वस्थ सोचता है। जब उनसे पूछा गया कि क्या वह अमर सिंह के सामने दोस्ती का हाथ बढ़ाएंगे तो उन्होंने कहा कि उन्हें कोई एतराज नहीं है, यह अमर पर निर्भर है।
उत्तर प्रदेश की राजनीति में राहुल गांधी को चुनौती देने वाले समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव के बयान पर बब्बर ने कहा, "अखिलेश मेरे भतीजे हैं। उनके हौसले की दाद देता हूं।"
राज बब्बर ने कहा कि यादव समुदाय स्वावलंबी समुदाय होता है जो कबीलों में नहीं रहता और किसी को नेता नहीं मानता। उन्होंने कहा कि यह समुदाय अपनी लाठी खुद लेकर चलता है इसलिए इसे कोई हांक नहीं सकता।
बब्बर ने कहा कि उत्तर प्रदेश के लोग अब जातीय राजनीति से ऊब चुके हैं और एक सार्थक सरकार चाहते हैं। उन्होंने उम्मीद जाहिर की कि राज्य में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications