पेशावर में आत्मघाती हमले में 10 मरे, 25 घायल (लीड-3)
समाचार एजेंसी डीपीए के अनुसार हमलावर ने विस्फोटकों से लदी कार में उस समय विस्फोट कर दिया जब पुलिसकर्मी पेशावर के पुश्त खारा क्षेत्र में एक तलाशी अभियान चलाने की कोशिश कर रहे थे।
शहर के पुलिस प्रमुख लियाकत अली ने कहा कि विस्फोट में कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए।
पेशावर के शीर्ष नागरिक प्रशासक साहेबजदा अनीस ने कहा, "सौभाग्य से यह क्षेत्र खुला हुआ था और विस्फोट स्थल के आसपास बहुत मकान नहीं थे, नहीं तो तबाही ज्यादा हो सकती थी।"
विस्फोट की वजह से पाकिस्तान रेड क्रिसेंट सोसाइटी के दफ्तर को नुकसान पहुंचा है और आसपास खड़े वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
शहर के पुलिस नियंत्रण कक्ष के मुताबिक विस्फोट में कम से कम दो पुलिसकर्मी मारे गए हैं। पिछले पांच दिनों में पेशावर में यह पांचवां विस्फोट है।
पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है और राहत एवं बचाव कार्य जारी है। घायलों को अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। स्थानीय अस्पतालों में आपात स्थिति घोषित कर दी गई है।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के उप प्रमुख बशीर बिलौर ने कहा कि दक्षिण वजीरिस्तान में सेना के अभियान के विरोध में आतंकवादियों ने इस हमले को अंजाम दिया है।
सेना का कहना है कि तीन सप्ताह पहले शुरू किए गए अभियान में 535 आतंकवादी मारे जा चुके हैं। अभियान में अब तक 63 सैनिकों की मौत हुई है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications