जद (यु) और विपक्षी नेताओं ने सुशील मोदी से इस्तीफा मांगा
जनवरी 2008 में हुई आठ करोड़ रुपये मूल्य की पशुओं की दवाओं की खरीद में अनियमितता के आरोपों की विशेष सर्तकता अदालत द्वारा जांच के आदेश दिए जाने के बाद विपक्षी दलों और जद (यु)नेताओं ने मोदी से इस्तीफा मांगा है। उन दिनों मोदी के पास पशु संसाधन मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार था।
वरिष्ठ अधिवक्ता सुधीर ओझा की शिकायत पर अदालत ने जांच के आदेश दिए हैं। जद (यु) नेता कंचन बाला ने कहा कि मोदी को नैतिक आधार पर पद से इस्तीफा देना चाहिए।
बाला ने कहा, "दवाओं की खरीद में अनियमितता बरतने के मामले में मोदी की भूमिका की जांच के आदेश दिए जाने के बाद जद (यू) की महिला नेता के नाते मैं उनसे इस्तीफा मांगती हूं। "
बाला ने कहा कि नीतीश कुमार के अच्छे प्रशासन के लिए मोदी बोझ बन गए हैं।
राज्य की मुख्य विपक्षी पार्टी राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रांतीय अध्यक्ष अब्दुल बारी सिद्दिकी ने भी मोदी से इस्तीफा मांगा है। उन्होंने कहा, "अब यह नीतीश पर निर्भर करता है कि वह मोदी के साथ बने रहते हैं या नहीं।"
उल्लेखनीय है कि मोदी सहित अन्य 12 लोगों पर दवा की खरीद में अनियमितता बरतने का आरोप लगा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications