दक्षेस के कैबिनेट सचिवों की बैठक संपन्न
नई दिल्ली, 14 नवंबर (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई क्षेत्रीय सहयोग संगठन (दक्षेस) के सदस्य देशों के कैबिनेट सचिवों की शनिवार को संपन्न बैठक में प्रशासनिक सुधारों, ग्रामीण विकास, कामकाज के प्रबंधन और ई-गवर्नेस जैसे साझा महत्व के मसलों पर विचार-विमर्श किया गया।
दो दिन की इस बैठक में दक्षेस के सभी सदस्य देशों के कैबिनेट सचिव शरीक हुए। बैठक में कहा गया कि दक्षेस घोषणाएं करने वाले संगठन से उन्हें क्रियान्वित करने वाले संगठन में तब्दील हो रहा है। इसलिए उसके प्रशासनिक तथा डिलीवरी सिस्टम को ज्यादा सशक्त बनाने की जरूरत है।
कैबिनेट सचिवों ने कई महत्वपूर्ण क्षेत्रों के बारे में चर्चा की जहां सदस्य देशों के नागरिकों के लाभ के लिए कई नवीन योजनाएं चलाई गईं। सदस्य देशों ने अपने यहां चलाए गए ग्रामीण विकास कार्यक्रमों और उनके प्रभाव के बारे में भी विचार-विमर्श किया।
कामकाज के प्रबंधन की चुनौतियों और उनके मूल्यांकन पर भी बैठक में चर्चा हुई। सदस्य देशों ने अपने नागरिकों को मुहैया कराई जाने वाली सेवाओं में ई-गवर्नेस के इस्तेमाल पर भी चर्चा की। उनमें इस बात पर भी सहमति बनी इस क्षेत्र में सहयोग की संभावनाएं तलाशी जाएंगी।
सूत्रों के अनुसार बैठक में यह भी तय हुआ कि प्रशासनिक सुधारों के बारे में अपनाई जा रही उत्कृष्ट तकनीकों की जानकारियों का भी आदान-प्रदान किया जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications