उड़ीसा में 5 पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज
भुवनेश्वर, 14 नवंबर (आईएएनएस)। उड़ीसा के केंद्रपाड़ा जिले में 65 वर्षीय एक व्यक्ति की पुलिस की कथित पिटाई से मौत हो जाने के कारण पांच पुलिसकर्मियों के खिलाफ शनिवार को मामला दर्ज किया गया।
राजधानी भुवनेश्वर से 150 किलोमीटर दूर रतनापुर गांव में बुधवार रात बसंता दास की पुलिसकर्मियों द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद मौत हो गई।
बसंता दास के 40 वर्षीय पुत्र भरत को पकड़ने के लिए पुलिस की एक टीम ने उसके घर छापा मारा था। भरत पर वन विभाग द्वारा लगाए गए नारियल के पौधों को हानि पहुंचाने का आरोप था।
भरत की पत्नी अबंती का आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने बसंता की जूतों और डंडों से पिटाई की। इस दौरान बसंता को गंभीर चोंटे आयीं और कुछ घंटे बाद उसकी मृत्यु हो गई थी।
जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया," अबंती की शिकायत पर इस मामले में स्थानीय थाना प्रभारी मदन मोहन प्रधान और चार अन्य पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications