छत्तीसगढ़ के जनजातीय बहुल इलाकों में होगा विकास : रमन सिंह
रायपुर, 13 नवंबर (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री रमन सिंह का कहना है कि राज्य के जनजातीय बहुल इलाकों में बड़े स्तर पर विकास कार्यक्रम शुरू करने की उनकी योजना है।
आईएएनएस को दिए साक्षात्कार में सिंह ने कहा, "जनजातीय लोगों की देखभाल और उन तक विकास पहुंचाने की जरूरत है। अगले चार वर्षो में नक्सल प्रभावित सरगुजा और दक्षिणी बस्तर क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर विकास कार्यो के लिए पैसे दिए जाएंगे।"
सिंह ने कहा कि गत महीने उनकी सरकार ने हजारों जनजातीय लोगों में वन्य भूमि का वितरण किया। उन्होंने कहा, "हाल के महीने में 140,000 जनजातीय लोगों को वन्य भूमि का मालिकाना हक दिया गया, जहां वे दशकों से रह रहे थे। वन्य संबंधी लगभग 200,000 मामले वापस लिए गए, जो दो दशकों से लंबित थे।"
सिंह ने कहा कि मामलों को इस कारण वापस लिया गया क्योंकि लोग प्रशासन को पैसे देने की स्थिति में नहीं थे। उन्होंने कहा, "मैंने सरगुजा प्राधिकरण और बस्तर विकास प्राधिकरण जैसे सशक्त विभागों का गठन किया। ये जनजातीयों के विकास के लिए काम करेंगे।"
सिंह ने स्वीकार किया कि राज्य के कुछ हिस्सों में मानव तस्करी का काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि ये काम कुछ एजेंसियां गरीबों और जनजातियों के अशिक्षित लोगों को नौकरी का झांसा देकर कर रही हैं।
सिंह ने कहा कि जिला प्रशासनों को ऐसे गलत कार्यो पर रोक लगाने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने कहा, "जिला प्रशासनों से कहा गया है कि वे इस प्रकार के रैकटों का पर्दाफाश कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications