बिहार में जूनियर डॉक्टरों की हड़ताल जारी
पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के महासचिव डॉ़ धनंजय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि वे लोग राज्य सरकार से वेतन वृद्धि की मांग अरसे से करते आ रहे हैं लेकिन उनकी बात अनसुनी कर दी जाती है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर सरकार उनकी मांगों को पूरा नहीं करती है तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। इधर, डीएमसीएच की जूनियर डॉक्टर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ़ प्रभात ने दावा किया कि जूनियर डॉक्टरों का हड़ताल पूरी तरह सफल है।
इधर, राज्य मानवाधिकार आयोग ने हड़ताली चिकित्सकों के प्रति सख्त रवैया अपनाते हुए उनका निबंधन रद्द करने का निर्देश दिया है। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति एस़ एऩ झा ने बताया कि आयोग का मानना है कि हड़ताली जूनियर डाक्टरों का रवैया असंवैधनिक है। उन्होंने बताया कि आयोग ने राज्य सरकार को भी हड़ताल समाप्त कराने की प्रक्रिया शुरू करने का आदेश दिया गया है।
हड़ताल के कारण मरीजों का पलायन जारी है। हड़ताल के दरम्यान पीएमसीएच में अब तक 50 लोगों से ज्यादा लोगों की मौत की खबर है।
इधर, राज्य के स्वास्थ्य मंत्री नंद किशोर यादव ने बताया कि पीएमसीएच और डीएमसीएच में अतिरिक्त चिकित्सकों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पीएमसीएच में 71 तथा डीएमसीएच में 50 अतिरिक्त चिकित्सक मरीजों की देखभाल में लगे हैं। उन्होंने बताया कि दोनों मेडिकल कॉलेज अस्पतालों के प्रशासन को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि किसी भी स्थिति में मरीजों के इलाज में कोताही न बरती जाए।
उल्लेखनीय है कि पीएमसीएच के जूनियर डॉक्टरों ने सोमवार से तथा डीएमसीएच के डॉक्टर गुरुवार से बेमियादी हड़ताल पर हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications