श्रीलंका में समस्या का राजनीतिक समाधान बहुत जरूरी : अमुनगामा
नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। श्रीलंका के एक वरिष्ठ मंत्री ने यहां कहा है कि चूंकि तमिल लड़ाकों को अब पराजित किया जा चुका है, लिहाजा ेतमिलों की शिकायतों को दूर करने के लिए समस्या का एक राजनीतिक समाधान बहुत जरूरी है।
श्रीलंका के गृह व लोक प्रशासन मंत्री सारथ अमुनगामा ने आईएएनएस के साथ एक विशेष साक्षात्कार में यह भी कहा कि लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) के खिलाफ युद्ध में पाकिस्तान और चीन द्वारा मिले भारी समर्थन के बावजूद श्रीलंका खुद को भारत के करीब समझता है।
यहां संपन्न हुए विश्व आर्थिक फोरम की बैठक में हिस्सा लेने आए अमुनगामा ने कहा, "समस्या का राजनीतिक समाधान बहुत जरूरी है। हमने तमिलों के साथ कभी युद्ध नहीं किया, हमने लिट्टे के खिलाफ युद्ध किया।"
अमुनगामा ने कहा कि राष्ट्रपति महिंदा राजपक्षे राष्ट्रपति और संसदीय चुनावों के बीत जाने के बाद तमिल राजनीतिक ताकतों के दिल-दिमाग को जीतने के लिए कई प्रस्ताव पेश करना चाहते हैं। ये चुनाव आने वाले महीनों में हो सकते हैं।
अमुनगामा ने कहा कि श्रीलंका सरकार उत्तरी प्रांत के लिए पूर्वी प्रांत के जैसा ही एक राजनीतिक नक्शा पेश करना चाहती हैं। पूर्वी प्रांत में एक पूर्व लिट्टे सैनिक पिल्लैयन स्थानीय प्रशासन का प्रमुख है।
अमुनगामा ने कहा, "हमारी योजना कुछ ऐसी है कि उत्तर में एक कैबिनेट और तमिल मुख्यमंत्री होगा। वर्तमान कैबिनेट मंत्री डगलस देवानंदा वहां मुख्यमंत्री हो सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
**


Click it and Unblock the Notifications