सिंगूर में अब रेल कोच कारखाना चाहती हैं ममता बनर्जी
बनर्जी ने स्टार आनंद समाचार चैनल को दिल्ली से बताया, "मैं महसूस करती हूं कि उस भूखंड पर किसी राष्ट्रीय परियोजना को स्थापित किया जाना चाहिए। यदि जरूरी हुआ तो हम राज्य सरकार के साथ संयुक्त उपक्रम लगा सकते हैं। हम उस स्थान पर दुनिया का सबसे बड़ा कोच कारखाना लगाएंगे।"
बनर्जी का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब एक दिन पहले ही सरकारी स्वामित्व वाली कंपनी, भारत हैवी इलेक्ट्रिकल्स लिमिटेड (भेल) के अधिकारियों ने एक विद्युत उत्पादन संयंत्र स्थापित करने के लिए सिंगूर में टाटा मोटर द्वारा छोड़ी गई भूमि का मुआयना किया था।
ज्ञात हो कि यह क्षेत्र मई 2006 में उस समय युद्ध के मैदान में तब्दील हो गया था, जब राज्य की वाम मोर्चा सरकार ने घोषणा की कि टाटा मोटर्स वहां अपनी महत्वाकांक्षी नैनो कार परियोजना स्थापित करेगी।
बनर्जी ने स्पष्ट किया कि उनका विभाग किसानों को 400 एकड़ जमीन वापस लौटाने के बाद वहां एक कोच कारखाना लगाना चाहेगा। कोच कारखाने की सहयोगी इकाइयां हुगली जिले की दांकुनी में स्थापित की जाएंगी।
बनर्जी ने कहा, "यदि राज्य सरकार हमें जमीन देती है तो हम मामले को आगे बढ़ा सकते हैं। हम सहयोगी कारखाना दांकुनी में लगा सकते हैं और दोनों स्थानों को रेल लाइन से जोड़ सकते हैं।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications