पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोटों में 19 मरे, 80 से ज्यादा घायल (राउंडअप)

पेशावर में कड़ी सुरक्षा वाली आईएसआई कार्यालय की तिमंजिला इमारत के बाहर सुबह भीषण आत्मघाती बम विस्फोट हुआ। यहां करीब 200 किलोग्राम विस्फोटकों से लदी कार में सवार एक आत्मघाती हमलावर, आईएसआई दफ्तर पहुंचने की कोशिश में था लेकिन सुरक्षा बलों ने वाहन पर गोलीबारी की लेकिन चालक ने वाहन नहीं रोका और धमाका कर दिया।

स्थानीय मीडिया के मुताबिक सुबह करीब 6.30 बजे हुए इस आत्मघाती विस्फोट में 12 लोग मारे गए जिनमें सुरक्षाकर्मी भी हैं। यहां 60 लोग घायल भी हुए। मारे गए और घायलों में ज्यादातर सैनिक और आईएसआई के लोग थे।

पुलिस का कहना है कि विस्फोट आर्मी स्टेडियम चौक के निकट हुआ। यह बेहद सुरक्षित इलाका समझा जाता है। खबरों में कहा गया है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज पूरे शहर में सुनी गई। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अस्पताल के प्रवक्ता साहिब गुल ने बताया कि मरने वालों की संख्या 12 और घायलों की तादाद 60 है। घायलों में कई की हालत गंभीर है। विस्फोट के बाद इलाके के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है।

पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के सूचना मंत्री मियां मुहम्मद इफ्तिखार ने कहा कि हमले के बाद से तीन खुफिया अधिकारी लापता हैं। विस्फोट में 40 से 50 वाहन नष्ट हो गए। विस्फोट में खुफिया एजेंसी की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पेशावर में हुए इस आत्मघाती हमले की निंदा की है। दोनों नेताओं ने दोहराया कि किसी को भी देश में शांति भंग नहीं करने दी जाएगी।

पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के मुख्यमंत्री अमीर हैदर खान होती ने भी विस्फोट की निंदा की है।

उधर, दूसरा आत्मघाती हमला बन्नू इलाके में हुआ, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। आत्मघाती हमलावर ने बन्नू के रांगसा रोड पर बक्का खेल थाने की इमारत से अपनी कार टकरा दी। हमले में थाने की इमारत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।

बन्नू जिले के पुलिस प्रमुख इकबाल मारवात ने बताया, "विस्फोट में पांच पुलिसकर्मी और दो नागरिक मारे गए जबकि 25 से ज्यादा घायल हो गए।" घायल होने वालों में थाने के अधिकारी रियाज खटक भी हैं।

विस्फोट में पुलिस हिरासत में लिए गए तीन संदिग्ध भी घायल हो गए। घायलों को बन्नू के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर से पाकिस्तान में कई आतंकवादी हमले हो चुके हैं जिनमें 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।

इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।

*

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+