बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ आंदोलन करेगी सपा
लखनऊ, 13 नवंबर(आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में प्रमुख विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) ने ऐलान किया है कि अगर राज्य सरकार ने बिजली की दरों में वृद्धि की तो पार्टी इसके खिलाफ आंदोलन करेगी।
सपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने शुक्रवार को आईएएनएस से कहा," विधानसभा उपचुनावों से ठीक पहले उत्तर प्रदेश विद्युत पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड (यूपीपीसीएल) ने बिजली की दरें बढ़ाने का प्रस्ताव किया था। सरकार ने चुनाव के मद्देनजर बिजली की दरों में वृद्धि यह सोचकर टाल दी कि कहीं चुनावों में जनता की नाराजगी न झेलनी पड़ जाए। अब जीत हासिल करने के बाद मायावती सरकार उपभोक्ताओं पर गाज गिराने की तैयारी कर रही है।"
उत्तर प्रदेश विद्युत पॉवर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने बिजली की दरों में 20 से 25 फीसदी तक का इजाफा करने का प्रस्ताव किया था जिसे विद्युत नियामक आयोग ने स्वीकार कर लिया है।
समाजवादी पार्टी ने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सरकार ने उपचुनाव जीतने के लिए राजकोष का जमकर दुरूपयोग किया। अब उसकी भरपाई वह जनता को लूटकर करेगी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications