पाकिस्तान में आत्मघाती विस्फोटों में 15 मरे, 85 घायल (लीड-4)
पेशावर में आईएसआई कार्यालय के बाहर सुबह भीषण आत्मघाती बम विस्फोट हुआ। यहां करीब 300 किलोग्राम विस्फोटकों से लदी कार में सवार एक आत्मघाती हमलावर, आईएसआई दफ्तर पहुंचने की कोशिश में था लेकिन उसे सुरक्षा चौकी पर रोक लिया गया। सुरक्षा बलों ने उस पर गोलीबारी की तो सुबह करीब 6.30 बजे यहीं पर उसने खुद को उड़ा दिया।
स्थानीय मीडिया के मुताबिक इस आत्मघाती विस्फोट में 12 लोग मारे गए जिनमें सुरक्षाकर्मी भी हैं। यहां 60 लोग घायल भी हुए। मारे गए और घायलों में ज्यादातर सैनिक और आईएसआई के लोग थे।
पुलिस का कहना है कि विस्फोट आर्मी स्टेडियम चौक के निकट हुआ। यह बेहद सुरक्षित इलाका समझा जाता है। खबरों में कहा गया है कि विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज पूरे शहर में सुनी गई। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल के प्रवक्ता साहिब गुल ने बताया कि मरने वालों की संख्या 12 और घायलों की तादाद 60 है। घायलों में कई की हालत गंभीर है। विस्फोट के बाद इलाके के सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद कर दिया गया है।
पश्चिमोत्तर सीमांत प्रांत के सूचना मंत्री मियां मुहम्मद इफ्तिखार ने कहा कि हमले के बाद से तीन खुफिया अधिकारी लापता हैं। विस्फोट में 40 से 50 वाहन नष्ट हो गए। विस्फोट में खुफिया एजेंसी की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
राष्ट्रपति आसिफ अली जरदारी और प्रधानमंत्री यूसुफ रजा गिलानी ने पेशावर में हुए इस आत्मघाती हमले की निंदा की है। दोनों नेताओं ने दोहराया कि किसी को भी देश में शांति भंग नहीं करने दिया जाएगा।
उधर, दूसरा आत्मघाती हमला बन्नू इलाके में हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। आत्मघाती हमलावर ने बन्नू के रांगसा रोड पर बक्का खेल थाने की इमारत से अपनी कार टकरा दी। हमले में थाने की इमारत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हमले में घायल होने वालों में थाने के अधिकारी रियाज खटक भी हैं। घायलों को बन्नू के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर से पाकिस्तान में कई आतंकवादी हमले हो चुके हैं जिनमें 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications