दिल्ली का 3 दिनों तक जायजा लेता रहा था हेडली
जांच अधिकारियों का कहना है कि उसके दिल्ली में रुकने का मकसद उन स्थानों का जायजा लेना था जहां लश्कर आतकंवादी हमले की योजना बना रहा था।
हेडली के अमेरिकी पासपोर्ट के रिकार्ड से मालूम पड़ा कि वह छह मार्च, 2009 को अबू धाबी से दिल्ली आया था। उसके पासपोर्ट की संख्या 097536400 है। इस पासपोर्ट को अमेरिका में उसे 10 मार्च, 2006 को जारी किया गया था। इस बात का संदेह है कि उसके पास पाकिस्तानी पासपोर्ट भी है।
पुलिस के मुताबिक हेडली पहाड़गंज के दो होटलों में रुका था। सबसे पहले वह छह मार्च को होटल 'हॉलीडे इंटरनेशनल' और अगले दो दिनों के लिए होटल 'आनंद' में ठहरा। होटल रिकार्ड के अनुसार वह राजस्थान जाने की बात कहकर यहां से निकला था।
जांच अधिकारियों का मानना है कि इन तीन दिनों के दौरान हेडली ने राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय सहित कई दिल्ली के महत्वपूर्ण जगहों के बारे में विस्तृत जानकारी एकत्र की थी।
खुफिया सूत्रों का कहना है कि पिछले वर्ष मुंबई में हुए आतंकवादी हमले में भी हेडली की संलिप्तता हो सकती है। एक अधिकारी ने कहा कि इसकी गहनता से जांच की जा रही है। मुंबई हमले में 170 से अधिक लोग मारे गए थे।
गौरतलब है कि हेडली और उसका साथी तहव्वुर हुसैन राणा पाकिस्तानी मूल के हैं और दोनों इस समय अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) की हिरासत में हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications