आइबेरिया और ब्रिटिश एयरवेज विलय पर सहमत
समाचार एजेंसी ईएफई के अनुसार गुरुवार को दोनों कंपनियों ने इस संबंध में संयुक्त बयान जारी किया। विलय संबंधी समझौता पर वर्ष 2010 के अंत तक अमल कर लिया जाएगा।
विलय होने के बाद यह समूह राजस्व के मामले में दुनिया का तीसरी सबसे बड़ा विमानन समूह बन जाएगा। विलय के संबंध में दोनों कंपनियों ने आपसी समझौते के दस्तावेज पर हस्ताक्षर किए।
विलय के बाद नई कंपनी का नाम 'टॉपको' होगा। इस नई कंपनी का पंजीयन मेड्रिड में होगा। इसका वित्तीय और परिचालन मुख्यालय लंदन में होगा।
नई कंपनी में बीए की 55 फीसदी और आइबेरिया की 45 फीसदी हिस्सेदारी होगी। कंपनी के निदेशक मंडल में दोनों कंपनियों के सात-सात सदस्य होंगे। नई कंपनी के अध्यक्ष एंटोनियो वेजक्वेज होंगे, जो वर्तमान में आइबेरिया के अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं।
नई कंपनी के उपाध्यक्ष मार्टिन ब्राउटन होंगे। मार्टिन फिलहाल बीए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। विली वाल्स कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बनेंगे। विलय के बाद नई कंपनी के पास 419 विमान होंगे और वह 205 स्थानों के लिए उड़ान भरेंगी।
वैसे आइबेरिया ने अभी भी बीए और उसके न्यासियों के बीच पेंशन कोष लेकर हो रही बातचीत का संतोषजनक परिणाम नहीं आने पर इस समझौते से बाहर होने का अधिकार अपने पास सुरक्षित रखा है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications