पाक में आईएसआई दफ्तर और थाने पर आत्मघाती हमला, 13 मरे, 55 घायल (लीड-3)
पेशावर में आईएसआई कार्यालय के बाहर सुबह भीषण आत्मघाती बम विस्फोट में कम से कम 10 लोग मारे गए और 30 से अधिक घायल हो गए।
'जियो न्यूज' के मुताबिक पुलिस महानिरीक्षक मलिक नवीद ने बताया कि इस आत्मघाती विस्फोट में 10 लोग मारे गए हैं जिनमें सुरक्षाकर्मी भी हैं। यहां 30 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
कार में सवार एक आत्मघाती हमलावर खुफिया एजेंसी के खबर रोड स्थित दफ्तर पहुंचने की कोशिश में था लेकिन उसे सुरक्षा चौकी पर रोक लिया गया। यहीं पर उसने खुद को उड़ा दिया।
विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि इसकी आवाज पूरे शहर में सुनी गई। घायलों को लेडी रीडिंग अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
इससे पहले समाचार एजेंसी डीपीए ने एक अधिकारी अब्दुल्ला खान के हवाले से बताया कि विस्फोट सुबह में करीब 6.45 बजे खबर रोड इलाके में हुआ।
विस्फोट की वजह से खुफिया एजेंसी की इमारत बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। अधिकारियों ने आशंका जताई कि अंदर अभी कई लोग फंसे हो सकते हैं।
उधर, दूसरा आत्मघाती हमला बन्नू इलाके में हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई और 25 घायल हो गए। आत्मघाती हमलावर ने बन्नू के रांगसा रोड पर बक्का खेल थाने की इमारत से अपनी कार टकरा दी। हमले में थाने की इमारत पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
इस हमले में घायल होने वालों में थाने के अधिकारी रियाज खटक भी हैं। घायलों को बन्नू के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
गौरतलब है कि विगत पांच अक्टूबर से पाकिस्तान में कई आतंकवादी हमले हो चुके हैं जिनमें 200 से अधिक लोग मारे गए हैं।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications