19 वर्षीय युवक ने 57 वर्षीया महिला से शादी रचाई
इस अनोखी शादी का गवाह बना मुरादाबाद का प्रीतम नगर कस्बा, जहां अभिमन्यु ने 57 वर्षीय विधवा सुनीता से बुधवार रात ब्याह रचाया। जहां अभिमन्यु ऑटो चलाता है, वहीं सुनीता अपना और अपने परिवार का पेट पालने के लिए घरों में काम करती हैं।
दो वर्ष पहले बरेली के धुनका गांव की सुनीता के पति इंदर सिंह का देहांत हो गया था। पति की मौत के बाद से वह मुरादाबाद के पुतलीघर क्षेत्र में अभिमन्यु के घर पर किराए पर रहती थी। इस दौरान अभिमन्यु और उसके बीच प्रेम हो गया।
सुनीता की 16 और 25 साल की दो बेटियां हैं, जिनमें से बड़ी बेटी का शादी हो चुकी है और उसके एक बेटा भी है हालांकि सुनीता की शादी के लिए उसके परिवार से सभी लोग राजी थे, लेकिन दूल्हे के परिवार से कोई भी शादी में शामिल नहीं हुआ।
मौके पर मौजूद लोगों ने आईएएनएस को बताया कि अभिमन्यु के पैदा होते ही उसके पिता अर्जुन सिंह का देहांत हो गया था। चाचा यादराम सिंह ने उसकी परवरिश की। चाचा वर-वधु के उम्र के अंतर को देख इस शादी के पक्ष में नहीं थे और उन्होंने भतीजे को जायदाद से फूटी कौड़ी न देने की धमकी भी दी।
अभिमन्यु को नाबालिग करार देने वाले चाचा ने इसकी शिकायत पुलिस से की। पुलिस ने युवक को बालिग करार देकर मामले में दखलंदाजी करने से इंकार कर दिया। मझोला थाना-प्रभारी जसपाल सिंह ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया, "हमने अभिमन्यु का हाईस्कूल का प्रमाणपत्र देखा जिसके मुताबिक उसकी उम्र 19 साल है। कोई भी बालिग युवक शादी कर सकता है।"
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications