निर्वाचन आयोग ने दिया हिजड़ों और पारलिंगियों को 'अन्य' का विकल्प
निर्वाचन आयोग से संबंधित कागजातों में पहले स्त्री या पुरुष का ही विकल्प रहता था। हिजड़ों व पारलिंगियों के लिए यह दुविधा का विषय था। जो हिजड़े व पारलिंगी खुद को स्त्री या पुरुष के रूप में नहीं दर्शाना नहीं चाहते थे, उन्हें भी मजबूरन दोनों में से एक विकल्प चुनना पड़ता था।
बहरहाल, ऐसे हिजड़े जो न तो खुद को स्त्री मानते हैं और न ही पुरुष, अब 'अन्य' विकल्प का सहारा ले सकेंगे। पारलिंगी भी इसका उपयोग कर सकते हैं। निर्वाचन आयोग ने लंबी जद्दोजहद के बाद ऐसे हिजड़ों व पारलिंगियों की दुविधा को दूर कर दिया है।
निर्वाचन आयोग ने गुरुवार शाम एक विज्ञप्ति जारी कर इसकी घोषणा की। इसके मुताबिक हिजड़ों व पारलिंगियों को अलग पहचान देने की मांग लंबे समय से हो रही थी। इन मांगों के मद्देनजर आयोग ने तय किया है कि उसके फार्मो में स्त्री व पुरुष के साथ अब अन्य का भी विकल्प रखा जाएगा। यह न सिर्फ निर्वाचन संबंधी बल्कि आयोग से जुड़े सभी प्रकार के फार्मो पर लागू करेगा।
आयोग ने इस संबंध में सभी राज्यों के निर्वाचन अधिकारियों तथा बूथ स्तर के अधिकारियों को इस संबंध में सूचित कर दिया है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications