कोड़ा के सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट जारी
अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) जी.एस.रथ ने आईएएनएस से कहा, "गुरुवार को हमने विभिन्न राज्यों के पुलिस प्रमुखों और झारखण्ड के पुलिस अधीक्षकों को विनोद सिन्हा और संजय चौधरी की गिरफ्तारी के लिए अलर्ट जारी कर दिया।"
इससे पहले आयकर विभाग ने सिन्हा और चौधरी के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। रथ ने कहा कि आयकर विभाग के निवेदन पर सिन्हा और चौधरी के खिलाफ अलर्ट जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि आयकर विभाग ने दो नवंबर को सिन्हा, चौधरी, देवेन्द्र मुखिया, बसंत भट्टाचार्य, मनोज पुनमिया और अनिल बास्तवडे से छह नवंबर को सुबह 11 बजे तक विभाग मेंउपस्थित होने के लिए कहा था।
किसी के उपस्थित नहीं होने पर प्रवर्तन निदेशालय ने देश के सभी हवाई अड्डे पर अलर्ट जारी कर दिया था ताकि उनमें से कोई देश से बाहर न चला जाए। आयकर विभाग ने उन्हें 11 नंवबर को भी उपस्थित होने के लिए कहा लेकिन इस बार भी सिन्हा और चौधरी उपस्थित नहीं हुए, जिसके बाद गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया।
बाद में देवेन्द्र मुखिया और बसंत भट्टाचार्य रांची में आयकर विभाग में उपस्थित हुए वहीं मनोज पुनामिया मुंबई में उपस्थित हुए थे। बुधवार को विनोद सिन्हा के एक मित्र राकेश कुमार भी रांची स्थित आयकर विभाग में उपस्थित हुए थे।
प्रवर्तन निदेशालय पहले ही विनोद सिन्हा के भाई विकास सिन्हा को गिरफ्तार कर चुका है। विकास ने पूछताछ के दौरान कोड़ा के लिए विदेश में 40 करोड़ रुपये भेजने की बात स्वीकार की थी।
प्रवर्तन निदेशालय ने नौ अक्टूबर को कोड़ा और उनके सहयोगियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। कोड़ा से गुरुवार को भी पूछताछ की गई।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications