विकलांगता पर देशव्यापी जागरूकता अभियान शुक्रवार से
नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। देशभर में विकलांगता पर एक अनोखा अभियान शुक्रवार से शुरू किया जाएगा। चार समूहों में बंटे ये दल शुक्रवार को दिल्ली से अपना अभियान शुरू करेंगे और अभियान के दौरान लोगों से निजी स्तर पर बातचीत कर उन्हें इस मुद्दे पर जागरूक करेंगे।
इस पहल की शुरुआत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के स्वायत्त संगठन नेशनल ट्रस्ट की ओर से की गई है। अभियान के तहत चारों समूह देश के विभिन्न दिशाओं में अपने मार्ग चुनेंगे और फिर दौरा करेंगे। प्रत्येक समूह में एक विकलांग व्यक्ति और चार स्वयंसेवक शामिल होंगे।
इस अभियान को 'बढ़ते कदम' नाम दिया गया है। इसका उद्देश्य समाज में विकलांगों के प्रति बदलते नजरिये को सामने लाना है।
अभियान के तहत पहला मार्ग हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड होगा। दूसरे मार्ग में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, बिहार, झारखंड और उड़ीसा शामिल होंगे।
तीसरे मार्ग में उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, बिहार एवं झारखंड और चौथे मार्ग में राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश को शामिल किया जाएगा।
इन चारों दलों के 30 नवंबर को दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications