काठमांडू में सुरक्षा बलों से संघर्ष में कई माओवादी सांसद जख्मी
काठमांडू, 12 नवंबर (आईएएनएस)। नेपाल के पूर्व माओवादी छापामारों के गुरुवार को राजधानी काठमांडू में इकट्ठे होने के बाद सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में कम से कम एक दर्जन सांसद और एक पूर्व उपप्रधानमंत्री घायल हो गए हैं।
सेना मुख्यालय के निकट से रैली निकालते हुए पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल प्रचंड के नेतृत्व में हजारों माओवादियों ने सिंघा दरबार का रुख किया था। वह सभी छह मार्गो से सिंघा दरबार की ओर बढ़ रहे थे। सिंघा दरबार में प्रधानमंत्री कार्यालय और अन्य महत्वपूर्ण मंत्रालय स्थित हैं।
उनके दो सहयोगी पूर्व वित्त मंत्री बाबूराम भट्टराई और नारायण काजी माओवादियों के दो अन्य दलों के साथ आगे बढ़ रहे थे जबकि अन्य माओवादी नेता और सांसद माओवादी कार्यकर्ताओं के साथ गठबंधन सरकार के कामकाज को ठप करने के लिए आगे बढ़ रहे थे।
यद्यपि इस महीने की शुरुआत से शुरू हुए विरोध प्रदर्शनों के संयोजक भट्टाराई का कहना था कि प्रदर्शन 'शांतिपूर्ण, अनुशासित और मर्यादित' होगा। जबकि सरकारी इमारत, सिंघा दरबार के बाहर सुरक्षा में खड़ी पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की घटना होने से इमारत के दक्षिणी द्वार के बाहर तनाव की स्थिति बन गई थी।
प्रदर्शनकारियों द्वारा पुलिस पर पथराव किए जाने पर सुरक्षा बलों ने भीड़ पर डंडे बरसाए और आंसू गैस के कई गोले छोड़े।
मुठभेड़ में पूर्व उप प्रधानमंत्री अमीक शेरचन और पूर्व सूचना एवं संचार मंत्री कृष्ण बहादुर महारा सहित कम से कम 12 माओवादी सांसद जख्मी हो गए।
प्रचंड ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया तो विरोध प्रदर्शन और भी तेज हो जाएगा।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।
*


Click it and Unblock the Notifications