अनुसंधान परियोजनाओं के लिए 7 करोड़ डॉलर देगा आस्ट्रेलिया
आस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री केविन रुड ने कहा, उनकी सरकार ने आस्ट्रेलिया-भारत सामरिक अनुसंधान कोष में पांच करोड़ डॉलर, एक सोलर कूलिंग अनुसंधान परियोजना में 10 लाख डॉलर और भारत में शुष्क खेती के क्षेत्र में अनुसंधान के लिए दो करोड़ डॉलर का निवेश करने का निर्णय लिया है।
दो साल पहले प्रधानमंत्री बनने के बाद से रुड पहली बार दो दिवसीय भारत यात्रा पर बुधवार को नई दिल्ली पहुंचे थे।
ऊर्जा एवं संसाधन संस्थान (टीईआरआई) के महानिदेशक आर. के. पचौरी के साथ बातचीत के बाद रुड ने द्विपक्षीय संबंधों के लिए महत्वपूर्ण संयुक्त अनुसंधान परियोजनाओं के लिए और आर्थिक मदद देने की घोषणा की।
पांच करोड़ डॉलर का अनुसंधान कोष वित्त वर्ष 2009-10 से शुरू हो जाएगा और पांच साल के अंदर इसे पूरा कर लिया जाएगा।
भारत सरकार ने द्विपक्षीय अनुसंधान परियोजनाओं में आस्ट्रेलिया के बढ़े हुए निवेश की तर्ज पर ही अपनी ओर से भी इन परियोजनाओं के लिए निवेश बढ़ाने के प्रति सहमति जताई है।
खगोल विज्ञान, जलवायु परिवर्तन और विकास, मलेरिया के टीके, कृषि पर ग्लोबल वार्मिग के प्रभाव, जल प्रबंधन, कम्प्यूटर और जैव प्रोद्योगिकी के क्षेत्र में 50 परियोजनाओं को पहले से ही इस कोष के माध्यम से आर्थिक मदद हासिल है।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।


Click it and Unblock the Notifications